हाईलाइट्स:
- हत्याकांड का खुलासा: एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रामप्रकाश हत्याकांड का किया पर्दाफाश।
- विवाद बनी हत्या की वजह: प्लॉट और पैसों के लेनदेन के विवाद में रची गई थी खौफनाक साजिश।
- 5 अभियुक्त गिरफ्तार: शिवा, इशू, अनिल, उसकी पत्नी मीना और श्यामा गिरफ्तार; अवैध तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद।
फतेहपुर (अज़हरुद्दीन): जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बकंधा ईंट भट्ठे के पास गत 29 जुलाई को मिले रामप्रकाश के शव के मामले में पुलिस ने चौकाने वाला खुलासा किया है। प्लॉट और पैसों के विवाद में रची गई इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने महिला समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में शामिल एक आरोपी अभी भी फरार है जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
शराब पिलाने के बाद सिर में मारी थी गोली
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ज्ञान प्रकाश राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक रामप्रकाश की हत्या पैसों और प्लॉट के आपसी विवाद के चलते की गई थी। शातिर आरोपियों ने पहले रामप्रकाश को सुनसान जगह ले जाकर जमकर शराब पिलाई और जब वह पूरी तरह नशे की हालत में आ गया, तो उसके सिर में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी और शव को बकंधा ईंट भट्ठे के पास फेंक कर फरार हो गए।
अवैध तमंचा, बाइक और नकदी बरामद
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त 5 अभियुक्तों—शिवा, इशू, अनिल, अनिल की पत्नी मीना और श्यामा को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 2 अवैध तमंचे, कारतूस, 2 मोटरसाइकिलें, 3 मोबाइल फोन और ₹1310 नकद बरामद किए हैं।
फरार आरोपी की तलाश जारी
एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि हत्या की वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी 'अक्षय' अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।
