हाईलाइट्स:
- बड़ा क्रैकडाउन: एडीजी वाराणसी जोन के निर्देश पर बलिया पुलिस का पांच दिवसीय विशेष अभियान 'ऑपरेशन वज्रपात' सफल।
- भोकाल पड़ा भारी: फेसबुक-इंस्टाग्राम पर हथियारों का प्रदर्शन और रील बनाकर दहशत फैलाने वाले अपराधियों की खुली कुंडली।
- सख्त धाराएं: फरसा, महाकाल और राइडर जैसे 25 गैंग्स पर शिकंजा; गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 15 गंभीर मुकदमे दर्ज।
बलिया (टुडे९ उत्तरप्रदेश): उत्तर प्रदेश के बलिया में पुलिस ने अपराधियों और सोशल मीडिया पर अपनी दबंगई का झूठा भोकाल दिखाने वाले गैंग्स की कमर पूरी तरह तोड़ दी है। वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) के निर्देश पर बलिया जिले में चलाए गए पांच दिवसीय विशेष अभियान 'ऑपरेशन वज्रपात' ने अपराधियों के बीच खलबली मचा दी है। पुलिस ने ऐसे 25 संगठित गैंगों को चिन्हित किया है, जो फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अवैध हथियारों व रील के जरिए समाज में भय का माहौल पैदा कर रहे थे।
263 गुंडों का चिन्हीकरण, 16 शातिर सलाखों के पीछे
बलिया पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में 25 संगठित इंटरनेट गैंगों का पर्दाफाश हुआ है, जिनमें कुल 263 सदस्य शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक (SP) ओमवीर सिंह के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इनमें से 16 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि बाकी बचे 247 सदस्यों की धड़-पकड़ के लिए जिलेभर में ताबड़तोड़ छापेमारी चल रही है। इस अभियान के तहत पुलिस ने अब तक कुल 15 गंभीर मुकदमे दर्ज किए हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट जैसी कठोर धाराएं भी शामिल हैं।
पुलिस के निशाने पर रहे ये कुख्यात 'रील' गैंग्स:
अभियान के तहत बलिया पुलिस ने शहर से लेकर सुदूर गांवों तक सक्रिय उन गैंग्स को चिन्हित किया है, जो युवाओं को गुमराह कर अपना कुनबा बढ़ा रहे थे। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- फरसा गैंग
- महाकाल गैंग
- 221715 गैंग
- राइडर गैंग
कोतवाली, बैरिया, नरही, सिकंदरपुर, फेफना और बांसडीह जैसे थाना क्षेत्रों में सक्रिय इन सभी गैंग्स के लीडर्स की पूरी आपराधिक हिस्ट्री और कुंडली खंगाली जा रही है।
सोशल मीडिया पर रील, तो पुलिस देगी जेल
एसपी ओमवीर सिंह के नेतृत्व में बलिया पुलिस ने उन अपराधियों और गैंग लीडर्स पर सीधी नकेल कसी है, जो अपनी अवैध व आपराधिक गतिविधियों का सोशल मीडिया पर महिमामंडन (ग्लोरीफाई) कर रहे थे। जांच में सामने आया है कि ये गैंग केवल रील तक सीमित नहीं थे, बल्कि वास्तविक जीवन में भी हत्या, लूट, जानलेवा हमला, मारपीट और व्यापारियों से रंगदारी वसूलने जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त पाए गए हैं।
पुलिस की जनता से अपील: 7839860411 पर दें सूचना, नाम रहेगा गुप्त
बलिया पुलिस ने आम जनता और युवाओं से विशेष अपील की है कि अगर आपके आसपास कोई भी ऐसा समूह या युवक हथियारों का प्रदर्शन कर रहा है, अश्लीलता या सोशल मीडिया पर आतंक फैला रहा है, तो बिना डरे पुलिस को सूचना दें। आप सीधे अपने स्थानीय थाने पर संपर्क कर सकते हैं या फिर वाराणसी जोन के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 783 986 0411 पर मैसेज या वीडियो भेज सकते हैं। पुलिस का कड़ा दावा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।
अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति
बलिया पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले में अपराध और अराजकता के खिलाफ पूरी तरह 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है। किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल बाकी बचे गैंग सदस्यों की धर-पकड़ के लिए जिले भर में पुलिस की टीमें 'फिजिक्स वेरिफिकेशन' (जमीनी सत्यापन) का काम तेजी से कर रही हैं। इस 'वज्रपात' के बाद अब बलिया के उन अपराधियों में हड़कंप है, जो रील के जरिए अपनी अलग दुनिया बनाने का सपना देख रहे थे।
