बलिया (सुधीर ठाकुर )। थाना उभांव क्षेत्र के कैथी शंकरपुर मटिया मोड़ के पास सोमवार रात मारपीट की एक हिंसक घटना सामने आई, जिसमें गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आलाधिकारियों ने फॉरेंसिक (FSL) टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर की रात करीब 8 बजे कैथी शंकरपुर मटिया मोड़ पर उमेश चौरसिया का पड़ोस के गांव के कुछ युवकों से विवाद हो गया था। बात बढ़ने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उमेश के सिर पर गंभीर चोट आई। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सीएचसी उभांव ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के भतीजे चंदन के मुताबिक, पास के ही गांव के रहने वाले विपिन और उसके साथियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए 03 विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्तों को जल्द ही गिरफ्तार कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

