हाईलाइट्स:
भव्य जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी: पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद साहब के यौमे पैदाइश पर फतेहपुर शहर से लेकर खागा व बिंदकी में निकाला गया जुलूस-ए-मुहम्मदी।
नात-ए-पाक की गूंज: दो दर्जन से अधिक मोहल्लों से निकलीं अंजुमनें, विभिन्न पोशाकों में सजे बच्चों और युवाओं ने नात पेश कर बनाया रूहानी माहौल।
जगह-जगह इस्तकबाल: राजनीतिक दलों, समाजसेवियों और आमजन ने लगाए स्वागत स्टाल; शील्ड, मिठाई व उपहार देकर अंजुमनों को किया सम्मानित।
फतेहपुर (अजहरुद्दीन): पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद साहब की यौमे पैदाइश का जश्न फतेहपुर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पूरी अकीदत, एहतराम और उत्साह के साथ मनाया गया। जश्न की रात शहर के तमाम मोहल्ले रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से जगमगा उठे। बुधवार को जोहर की नमाज के बाद शहर के करीब दो दर्जन मोहल्लों से भव्य जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया।
चोगलिया से होकर गुजरा जुलूस, नातों से गूंजा शहर
विभिन्न मोहल्लों से निकलीं अंजुमनें चोगलिया पर एकत्र हुईं, जहां से जुलूस लाठी मोहल, बाकरगंज, जीटी रोड और मुखलाल वाली गली की ओर बढ़ा। विभिन्न रंगों की कत्थई, सफेद व हरी पोशाक पहने बच्चे और बुजुर्ग जुलूस का मुख्य आकर्षण रहे। पूरे रास्ते 'सरकार की आमद मरहबा', 'नारे तकबीर' और 'नारे रिसालत' की सदाओं से फिजा गूंजती रही।
समाजसेवियों व राजनीतिक दलों ने किया इस्तकबाल
रास्ते में जगह-जगह स्वागत स्टाल लगाकर अंजुमनों पर फूलों की बारिश की गई और शर्बत व खाद्य सामग्री बांटी गई। समाजसेवी व पत्रकार मोहसिन खान की अगुवाई में वसी खान, छोटे, राजा, नेहाल उद्दीन, अनवार हुसैन, मेराज उद्दीन महताब, फारूक खान और हवा खान ने अंजुमनों को शील्ड व उपहार देकर हौसला बढ़ाया।
वहीं सपा की ओर से जहानाबाद चेयरमैन आबिद हसन, जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव, सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी, पालिका अध्यक्ष राजकुमार मौर्य एडवोकेट, चौधरी मंजर यार और नफीस उद्दीन ने जुलूस का स्वागत किया। वरिष्ठ समाजसेवी असलम शेर खां एडवोकेट ने भी फूल-माला व शील्ड देकर अंजुमनों को सम्मानित किया। इसके अलावा कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी, शहर अध्यक्ष मो. आरिफ गुड्डा व टीम ने स्टाल लगाकर अकीदतमंदों का इस्तकबाल किया।
शांतिपूर्ण संपन्न हुआ जुलूस
जुलूस मुखलाल स्वीट हाउस गली से सैय्यदवाड़ा, मुस्लिम इंटर कॉलेज, महाजरी और पीलू तले चौराहा होते हुए लल्लू मियां कोठी मार्ग व तकिया तले के रास्ते चौक चौराहे पर पहुंचकर देर रात शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। इसके अलावा खागा और बिंदकी तहसील क्षेत्रों तथा गांवों में भी जुलूस-ए-मुहम्मदी की खासी धूम देखने को मिली।

