हाईलाइट्स:
- दर्दनाक हादसा: बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के सहपुरवा गांव में 11 हजार वोल्ट का टूटा तार बना काल, खेत गए पिता-पुत्र की मौत।
- बेटे को बचाने में पिता ने गंवाई जान: हाईटेंशन तार की चपेट में आए इकलौते पुत्र को बचाने के प्रयास में पिता भी आए चपेट में।
- कार्रवाई का आश्वासन: मौके पर पहुंचे विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह व प्रशासनिक अधिकारी; दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग।
बलिया (रोहित सिंह ): जनपद के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत सहपुरवा गांव में गुरुवार की सुबह बिजली विभाग की घोर लापरवाही के चलते एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में गिरे 11 हजार वोल्ट (हाईटेंशन) के टूटे तार की चपेट में आने से पिता और उनके इकलौते पुत्र की झुलसकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सुबह-सुबह हुई इस ह्रदयविदारक घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और गांव में मातम के साथ-साथ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।
बेटे को बचाने की कोशिश में पिता ने भी तोड़ा दम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहपुरवा गांव निवासी जनार्दन यादव (58 वर्ष) गुरुवार की सुबह अपने इकलौते पुत्र राजेश यादव (24 वर्ष) के साथ खेत की तरफ गए थे। खेत में बिजली विभाग का 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार पहले से टूटकर गिरा हुआ था, जिसकी चपेट में अचानक राजेश आ गए। बेटे को तड़पता देख पिता जनार्दन यादव ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे भी करंट की तेज चपेट में आ गए। देखते ही देखते दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे मौके पर, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
हादसे की खबर मिलते ही केतकी सिंह के विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाया। सूचना मिलते ही तहसीलदार बांसडीह नितिन सिंह और थानाध्यक्ष बांसडीह रोड पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर इस दुखद घटना से अवगत कराया और स्पष्ट कहा कि बिजली विभाग के जो भी अधिकारी या कर्मचारी इस लापरवाही के जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषी बख्शे नहीं जाएंगे।
