बलिया। प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर आज जिला कांग्रेस कमेटी के सभागार में एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता (प्रेस कॉन्फ्रेंस) का आयोजन किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखे बाण चलाए। उन्होंने महोबा की घटना से लेकर बलिया स्थानीय स्त
र पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच मचे 'बजट लूट' के खेल को उजागर किया।
'अजय राय की संपत्ति की जांच की चुनौती मंजूर, भाजपा नेता भी दें हिसाब'
जिला अध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने महोबा में एक दलित छात्रा के अपहरण और 16 दिनों तक बंधक बनाकर किए गए अमानवीय कृत्य का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जब पीड़ित बेटी की न्याय की गुहार किसी ने नहीं सुनी, तो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय उसके हक की लड़ाई के लिए आगे आए।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस न्याय की आवाज से बौखलाकर भाजपा के लोग अजय राय की संपत्ति की जांच की मांग कर रहे हैं। पाठक ने चुनौती देते हुए कहा, "हमारे प्रदेश अध्यक्ष एक संत का जीवन व्यतीत करते हैं, पूरी कांग्रेस पार्टी जांच के लिए तैयार है। लेकिन हमारी भी मांग है कि आज जो भाजपा के जनप्रतिनिधि हैं, नेता बनने से पहले उनके पास क्या था और आज कितनी संपत्ति है, इसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।"
'राहुल गांधी की भविष्यवाणी सच हुई, देश में है आर्थिक तूफान'
सरकार को घेरते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनता आज महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और खराब कानून व्यवस्था से त्रस्त है, जबकि सत्ताधारियों की संपत्ति दिन-कूदी रात-चौगुनी बढ़ रही है। उन्होंने परीक्षाओं में हो रही धांधली पर तंज कसते हुए कहा:
"NEET में Leak, CBSE Fail... कितनी बार होगा System Derail?"
डीजल और पेट्रोल के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी ने बहुत पहले ही चेताया था कि देश में आर्थिक तूफान आने वाला है, आज जनता उसी की मार झेल रही है।
बलिया में विकास नहीं, भ्रष्टाचार का बोलबाला: उमाशंकर पाठक
उमाशंकर पाठक ने बलिया के स्थानीय विकास कार्यों में हो रहे भ्रष्टाचार का कच्चा चिट्ठा खोलते हुए सरकार के 'विकास के दावों' की पोल खोली। उन्होंने मुख्य रूप से 6 बड़े आरोप लगाए:
- 1. ₹25 लाख की बटरफ्लाई लाइट: ओवरब्रिज पर लाइट लगाने के नाम पर लाखों का वारा-न्यारा किया गया।
- 2. जेल भूमि आवंटन घोटाला: जेल के भूमि आवंटन में धांधली के कारण आज बलिया में जेल नहीं है, जिससे बंदियों के परिजनों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
- 3. रोडवेज बस अड्डा निर्माण पर कोर्ट की रोक: अवैध धन उगाही के चक्कर में नियमों को ताक पर रखकर काम शुरू कराया गया, जिसे माननीय उच्च न्यायालय ने रोक दिया।
- 4. अमृत 2.0 में भ्रष्टाचार: एनसीसी तिराहे से मिड्ढी चौराहे तक की सड़क अधिकारियों और नेताओं के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई।
- 5. कटहल नाला 'जुहू तर्ज' प्रोजेक्ट फेल: बलिया की जनता को मुंबई के जुहू जैसा विकास दिखाने का वादा करने वाला कटहल नाला प्रोजेक्ट भ्रष्टाचार में डूब चुका है।
- 6. नगर पालिका बजट पर 'ट्रिपल इंजन' की जंग: बलिया नगर पालिका में बजट आते ही 'ट्रिपल सरकार' का दंभ भरने वाले मंत्री, चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी (EO) धन की लूटपाठ के लिए आपस में ही भिड़ जाते हैं, और भुगतना जनता को पड़ता है।
प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद:
इस पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्य रूप से दिग्विजय सिंह, संतोष चौबे, सत्य प्रकाश मुन्ना उपाध्याय, विजेन्द्र पांडेय मुखिया, विवेक ओझा, अबुल फ़ैज़ और राहुल चौबे सहित भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
