बलिया: जिले के बलिया-रसड़ा मार्ग पर चिलकहर के समीप एक बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। बैरिया विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत होने की सूचना मिल रही है। वहीं, दुर्घटना के वक्त गाड़ी में मौजूद पूर्व विधायक को भी हल्की चोटें आने की बात कही जा रही है।
सांत्वना देकर लौट रहे थे पूर्व विधायक
मिली जानकारी के मुताबिक, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व विधायक उमाशंकर सिंह के निधन के बाद से ही लगातार जनप्रतिनिधि और समर्थक परिजनों को सांत्वना देने रसड़ा पहुँच रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह भी दिवंगत नेता के परिजनों से मिलकर और श्रद्धांजलि देकर वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान रसड़ा-बलिया मार्ग पर चिलकहर के पास उनकी गाड़ी और एक बाइक के बीच तेज भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और बाइक सवार युवक के गंभीर रूप से हताहत होने की खबर आ रही है।
'सुरक्षित निकला, पुलिस कप्तान को दी सूचना' – सुरेंद्र सिंह
घटना के बाद हुई टेलीफोनिक वार्ता में पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि की और बताया कि उन्हें भी हल्की चोटें आई हैं। सुरेंद्र सिंह (पूर्व विधायक):
"रास्ते में गाड़ी से दुर्घटना हुई है। मौके पर किसी भी तरह के संभावित बवाल से बचते हुए मैं वहां से सुरक्षित निकल गया हूं। हालांकि, दुर्घटना के तुरंत बाद ही मैंने पुलिस कप्तान (SP) को इस पूरे मामले की जानकारी दे दी है। आगे जो भी वैधानिक प्रक्रिया होगी, वह की जाएगी।"

