त्वरित कार्रवाई: फेफना पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से खोड़ीपाकर गांव के पास रेलवे ट्रैक से चोरी की दो गायों के साथ 2 अभियुक्तों को दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी: बांसडीह थाना क्षेत्र निवासी अख्तर नट और गोलू नट के रूप में हुई आरोपियों की पहचान।
एसपी का अभियान: एसपी ओमवीर सिंह के निर्देशन में मिली सफलता; पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए भेजा न्यायालय।
फेफना/बलिया (संतोष सिंह): जनपद बलिया में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फेफना थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के कुशल निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने चोरी की दो गायों के साथ दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बुधवार को कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया।
चारा डालकर बाजार गए पीड़ित की गायब हो गई थीं गाएं
फेफना थाना प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह यादव ने बताया कि पीड़ित/वादी ने थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी दोनों गायों को चारा डालकर बाजार गया हुआ था। जब वह वापस लौटा, तो दोनों गाएं मौके से गायब थीं। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की थी।
रेलवे ट्रैक पार करते समय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घेरा
बुधवार की सुबह पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी कि दो व्यक्ति उसकी दोनों गायों को लेकर खोड़ीपाकर गांव के सामने रेलमार्ग से जा रहे हैं। सूचना मिलते ही बिना समय गंवाए उपनिरीक्षक शिवम कुमार वर्मा मय हमराह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से खोड़ीपाकर गांव के समीप रेलवे ट्रैक पार करते समय दोनों अभियुक्तों को घेरकर धर दबोचा।
बांसडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अख्तर नट पुत्र रमाशंकर निवासी आमघाट तथा गोलू नट पुत्र ददन नट निवासी छाता (थाना बांसडीह, बलिया) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों गायों को सकुशल बरामद कर लिया है तथा गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय चालान कर दिया।

