हाईलाइट्स:
दुखद त्रासदी: नेपाल के विनाशकारी सैलाब में बह जाने से रसड़ा निवासी पन्नालाल चौरसिया की पत्नी व पुत्र की हुई अकाल मृत्यु।
आर्थिक सहायता: दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह के पुत्र युकेश सिंह ने पीड़ित परिवार से मिलकर सौंपा 2 लाख का चेक।
नौकरी का भरोसा: तेरही संस्कार का संपूर्ण खर्च उठाने के साथ ही सीएसआईएल कंपनी में परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का दिया आश्वासन।
रसड़ा/बलिया (सुमित गुप्ता): नेपाल में आए विनाशकारी सैलाब की चपेट में आकर जान गंवाने वाले रसड़ा निवासी पीड़ित परिवार के आंसू पोछने दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह के पुत्र पहुंचे। आदर्श नगर पालिका परिषद रसड़ा के पुरानी मस्जिद निवासी पन्नालाल चौरसिया की पत्नी उषा देवी और उनके 18 वर्षीय पुत्र राहुल चौरसिया के सैलाब में बह जाने की दर्दनाक घटना से पूरा इलाका गमगीन है।
पीड़ित परिवार के घर पहुंचे युकेश सिंह, दिया 2 लाख का चेक
घटना की जानकारी मिलते ही दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह के पुत्र युकेश सिंह अपने चाचा रमेश सिंह के साथ पुरानी मस्जिद स्थित पन्नालाल चौरसिया के आवास पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और उनका ढांढस बंधाया। इस दौरान युकेश सिंह ने पीड़ित पन्नालाल चौरसिया को 2 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
तेरही का खर्च और नौकरी देने का वादा
युकेश सिंह ने इस दुखद त्रासदी में मृत उषा देवी व राहुल चौरसिया के तेरही व अंतिम संस्कार का संपूर्ण खर्च उठाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को सहारा देने के लिए सीएसआईएल (CSIL) कंपनी में एक व्यक्ति को नौकरी दिए जाने का भरोसा भी दिलाया। इस मौके पर नगर पालिका चेयरमैन विनयशंकर जायसवाल, मुन्ना सिंह, राजेश जायसवाल, पिंकी सिंह, मुन्ना कन्नौजिया, बब्लू सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
40 साल पहले रोजगार के लिए नेपाल गए थे पन्नालाल
गौरतलब है कि पन्नालाल चौरसिया और उनके भाई अशोक चौरसिया लगभग 40 वर्ष पूर्व रोजगार की तलाश में नेपाल गए थे और त्रिशुली (नुवाकोट) में बसकर थोक व फुटकर कपड़े का कारोबार कर रहे थे। हाल ही में नेपाल में आए विनाशकारी सैलाब ने पन्नालाल की पत्नी और पुत्र को छीनने के साथ ही उनके पूरे कारोबार को भी अपनी आगोश में ले लिया।

