हाईलाइट्स:
बड़ी सफलता: उभांव पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर चैनपुर बंधा के पास से 4 शातिर चोरों को किया गिरफ्तार।
बिहार भागने की फिराक में थे चोर: चोरी की 4 बाइकों को छिपाकर बिहार सीमा में ले जाने की योजना बना रहे थे अभियुक्त।
मुकदमे में धाराएं बढ़ीं: चोरी की एफआईआर दर्ज होने के बाद बरामदगी के आधार पर बीएनएस की धाराएं बढ़ाकर न्यायालय चालान भेजा गया।
बेल्थरारोड/बलिया (जय प्रकाश बर्नवाल ): जनपद बलिया में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत उभांव थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला व क्षेत्राधिकारी (रसड़ा) रजनीश कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चोरी की 4 मोटरसाइकिल के साथ 4 शातिर चोरों को धर दबोचा।
बाइक चोरी की दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि स्थानीय नगर निवासी मोहम्मद आरिफ ने उभांव थाने में प्रार्थना पत्र दिया था कि 6 अगस्त 2026 को उनकी पैशन प्रो बाइक (संख्या UP 32 HP 1890) घर के सामने से अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थी। प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना उभांव पर मु०अ०सं० 186/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस जांच में जुटी थी।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर हुई गिरफ्तारी
शनिवार को उभांव थाने के उप निरीक्षक/चौकी प्रभारी सीयर नीरज यादव पुलिस टीम के साथ सोनाडीह मोड़ के पास रात्रि गश्त व चेकिंग में मौजूद थे। उसी दौरान मुखबिर खास ने सूचना दी कि बेल्थरारोड के अमुरतानी मोहल्ले से चोरी हुई बाइक सहित कुछ लोग चैनपुर बंधा के पास झाड़ियों में अन्य चोरी की गाड़ियों के साथ मौजूद हैं और उन्हें बिहार ले जाने की फिराक में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी टगुनिया सूर्यप्रकाश दुबे व पुलिस टीम के साथ चैनपुर बंधा के पास घेराबंदी की गई।
पुलिस टीम ने मौके से 4 संदिग्ध मोटरसाइकिलों (UP 32 HP 1890 पैशन प्रो, UP 52 BJ 0168, UP 52 BD 2605 और UP 85 AF 0864) के साथ 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार के रहने वाले हैं चारों अभियुक्त
पुलिस हिरासत में लिए गए अभियुक्तों की पहचान बिहार प्रांत के सिवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत:
1. पंकज पाल पुत्र रामाश्रय पाल (निवासी ग्राम गुठनी)
2. अंशु राम पुत्र नागेंद्र राम (निवासी ग्राम डडैला)
3. शिवम प्रजापति पुत्र जयराम प्रजापति (निवासी ग्राम पुरैना)
4. आदित्य कुमार पुत्र राजेंद्र साहनी (निवासी ग्राम पुरैना) के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त वाहनों के वैध कागजात दिखाने में असमर्थ रहे। ई-चालान ऐप से जांच करने पर पता चला कि अन्य तीनों मोटरसाइकिलें भी अलग-अलग जनपदों से चोरी की गई हैं। पुलिस ने दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) व 3(5) की बढ़ोतरी करते हुए सभी अभियुक्तों को न्यायालय बलिया भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
सफलता पाने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी सीयर उप निरीक्षक नीरज यादव, चौकी प्रभारी टगुनिया उप निरीक्षक सूर्यप्रकाश दुबे, मुख्य आरक्षी रामविलास यादव तथा आरक्षी सत्येंद्र कुमार, अजीत कुमार गुप्ता, नित्य प्रकाश, ऋषभ सिंह, रामबचन गुप्ता, शुभम प्रकाश और मोहम्मद अरशद शामिल रहे।

