हाईलाइट्स:
जानलेवा हमला: बांसडीह तहसील में तैनात सहायक चकबंदी अधिकारी श्रीभगवान तिवारी पर धारदार हथियार से हमला।
विवाद की वजह: खेत की सीमा पर गिरे शीशम के पेड़ की डाल पर वर्चस्व को लेकर हुई वारदात।
नाजुक स्थिति: जिला अस्पताल से डॉक्टरों ने किया वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर; पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का मुकदमा।
बांसडीह/बलिया (रोहित सिंह ): जनपद बलिया के बांसडीह तहसील अंतर्गत आसचौरा गांव में वर्चस्व की जंग में एक प्रशासनिक अधिकारी पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तहसील में तैनात सहायक चकबंदी अधिकारी (ACO) श्रीभगवान तिवारी पर पड़ोसी द्वारा धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। लहूलुहान हालत में उन्हें इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
पेड़ की डाल को लेकर चल रहा था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित सहायक चकबंदी अधिकारी श्रीभगवान तिवारी और आरोपी अरविंद तिवारी के खेत आमने-सामने स्थित हैं। हाल ही में दोनों खेतों की सीमा पर लगे शीशम के पेड़ की एक डाल नीचे गिर गई थी। उसी डाल पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ दिनों से तनातनी और विवाद चल रहा था।
गर्दन पर धारदार हथियार से किया वार
रविवार देर शाम सहायक चकबंदी अधिकारी गांव स्थित कुएं के पास बैठे हुए थे। आरोप है कि उसी दौरान आरोपी अरविंद तिवारी अपने एक सहयोगी के साथ वहां पहुंचा। दोनों के बीच मामूली कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने अचानक धारदार हथियार से अधिकारी की गर्दन पर जानलेवा वार कर दिया।
अधिकारी को गंभीर रूप से जख्मी देखकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद से ही गांव व आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

