हाईलाइट्स:
- प्रदर्शन और आक्रोश: जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक समर्थकों पर लाठीचार्ज के विरोध में बलिया के टीडी कॉलेज चौराहे पर छात्रों का जोरदार प्रदर्शन।
- पुलिस-छात्र भिड़ंत: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पुतला दहन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच हुई जबरदस्त खींचतान और धक्का-मुक्की।
- गिरफ्तारी और बयान: चक्का जाम के प्रयास के बाद छात्र नेता प्रवीण सिंह गिरफ्तार; बोले—"पुलिस के दम पर चल रही गुंडागर्दी, दिल्ली तक लड़ेंगे लड़ाई।"
बलिया (सागर गुप्ता): दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन करने पहुंचे छात्रों पर पुलिस द्वारा की गई बर्बरता और लाठीचार्ज का मामला अब बलिया में तूल पकड़ता जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली थाना क्षेत्र के टीडी कॉलेज चौराहे पर छात्र नेता प्रवीण सिंह के नेतृत्व में आक्रोशित छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनके तुरंत इस्तीफे की मांग उठाई।
पुतला दहन के दौरान पुतले को लेकर खींचतान और नोकझोंक
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित छात्र नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का प्रतीकात्मक पुतला फूंकने का प्रयास किया। हालांकि, चौराहे पर पहले से मुस्तैद कोतवाली पुलिस की टीम ने छात्रों को चारों तरफ से घेर लिया और हाथों से पुतला छीनने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और छात्र नेताओं के बीच जमकर खींचतान, नोकझोंक और धक्का-मुक्की देखने को मिली। एक तरफ पुलिस पुतले को अपने कब्जे में लेने में जुटी थी, वहीं दूसरी तरफ छात्र उसे बचाने के लिए संघर्ष करते दिखे। इस गहमागहमी में छात्र नेता प्रवीण सिंह समेत कई छात्र सड़क पर भी गिर पड़े। काफी मशक्कत के बाद पुलिस पुतला छीनकर उसे क्षतिग्रस्त करने में सफल रही।
चक्का जाम का प्रयास, छात्र नेता प्रवीण सिंह गिरफ्तार
पुलिस द्वारा पुतला छीने जाने से नाराज छात्रों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम करने का प्रयास किया, जिससे मौके पर दोबारा पुलिस और छात्रों के बीच तीखी झड़प हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोतवाल प्रवीण सिंह और उनकी पुलिस टीम ने सख्ती दिखाते हुए छात्र नेता प्रवीण सिंह को जबरन पुलिस वाहन में बैठा लिया। इस दौरान छात्र लगातार सरकार और शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। अंततः पुलिस छात्र नेता को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई।
कोतवाली में छात्र नेता की ललकार: "पुलिस के दम पर चल रही गुंडागर्दी"
छात्र नेता प्रवीण सिंह की गिरफ्तारी के बाद टीडी कॉलेज चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया और अन्य छात्रों ने स्थानीय प्रशासन व सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। वहीं पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद छात्र नेता प्रवीण सिंह ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा, "आज देश में पुलिस के दम पर गुंडागर्दी चलाई जा रही है। दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का मुंहतोड़ जवाब देश का नौजवान देगा। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हम बलिया से लेकर दिल्ली तक लड़ाई लड़ने का काम करेंगे।"
