हाईलाइट्स:
- 8 मिनट में वारदात: गोदान एक्सप्रेस से सहयोगी को ट्रेन पर चढ़ाने गए युवक की स्प्लेंडर प्लस बाइक सरकुलेटिंग एरिया से हुई पार।
- क्षेत्राधिकार का चक्कर: पीड़ित ने 112 नंबर और जीआरपी को दी सूचना, जीआरपी ने सिविल पुलिस का मामला बताकर उभांव थाने भेजा।
- बढ़ती चोरियां चिंताजनक: बेल्थरा रोड रेल परिसर से आए दिन हो रही बाइक चोरियों से यात्रियों में असुरक्षा का माहौल।
बेल्थरा रोड/बलिया (जयप्रकाश बरनवाल ): स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर इन दिनों वाहन चोरों का आसान निशाना बनता जा रहा है। बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन की सरकुलेटिंग एरिया से शनिवार की सुबह एक शातिर चोर ने मात्र 8 मिनट के भीतर एक युवक की स्प्लेंडर प्लस बाइक पार कर दी। घटना के बाद जब पीड़ित ने रेल पुलिस से मदद की गुहार लगाई, तो जीआरपी ने अपना क्षेत्राधिकार न होने का हवाला देते हुए पल्ला झाड़ लिया और पीड़ित को उभांव थाने जाने की सलाह दे डाली। रेल परिसर से लगातार हो रही इन चोरियों ने रेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सहयोगी को ट्रेन पर चढ़ाने गए थे पीड़ित, वापस लौटे तो बाइक गायब
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उभांव थाना क्षेत्र के ग्राम तेन्दुआ पट्टी फरसाटार निवासी रामाश्रय यादव (पुत्र स्वर्गीय सुब्बा यादव) शनिवार की सुबह अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक (नंबर: यूपी 54 एयू 4783) से किसी सहयोगी को छोड़ने बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन आए थे। पीड़ित रामाश्रय यादव ने बताया कि जैसे ही वे स्टेशन पहुंचे, गोदान एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर आकर खड़ी हो रही थी। जल्दबाजी में वे अपनी बाइक को सरकुलेटिंग एरिया में खड़ी कर सहयोगी को ट्रेन में बैठाने के लिए प्लेटफॉर्म पर चले गए। महज 8 मिनट बाद जब वे ट्रेन से उतरकर वापस लौटे, तो मौके से उनकी बाइक गायब थी।
जीआरपी ने पल्ला झाड़ा, पीड़ित को उभांव थाने भेजा
बाइक गायब देख पीड़ित के होश उड़ गए। उन्होंने काफी देर तक स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में बाइक की खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पुलिस सहित रेलवे स्टेशन पर स्थित जीआरपी पुलिस चौकी को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची रेल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण तो किया, लेकिन मामला सिविल पुलिस के क्षेत्राधिकार का होने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया और पीड़ित को उभांव थाने जाकर तहरीर देने की नसीहत दे डाली।
रेल परिसर में वाहन चोर सक्रिय, यात्रियों में बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन परिसर से आए दिन बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। सुरक्षा के दावों के बीच सरकुलेटिंग एरिया से खुलेआम गाड़ियां चोरी होना बेहद चिंता का विषय बनता जा रहा है। रात तो दूर, अब दिनदहाड़े भी चंद मिनटों में गाड़ियां गायब हो रही हैं, जिससे स्टेशन आने वाले यात्रियों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल है। पीड़ित रामाश्रय ने अब मामले की लिखित शिकायत स्थानीय उभांव थाने में दर्ज कराई है।
