हिन्दी पत्रकारिता दिवस पर शनिवार को जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय में 'हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष: भाषा, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण' विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। हिन्दी एवं पत्रकारिता विभाग एवं भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ की बलिया इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस संगोष्ठी की अध्यक्षता कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति ने हिन्दी पत्रकारिता के गौरवमय अतीत का वर्णन करते हुए उसके वर्तमान स्वरूप का दिग्दर्शन कराया। कहा कि हिन्दी भाषा, भारत राष्ट्र और संस्कृति के निर्माण में हिन्दी पत्रकारिता का अतुलनीय योगदान रहा है। आरंभ से ही हिन्दी पत्रकारिता का मुख्य स्वर जनपक्षधरता रहा है, आज भी है, आगे भी रहेगा ऐसी उम्मीद जताई। मीडिया के साथियों का आह्वान किया कि वे पत्रकारिता के आदर्शों को अक्षुण्ण बनाये रखते हुए राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दें।
मुख्य वक्ता डॉ. प्रमोद शंकर पाण्डेय ने हिन्दी भाषा के निर्माण में पत्रकारिता के योगदान को रेखांकित किया। महावीर प्रसाद द्विवेदी और सरस्वती पत्रिका के योगदान के महत्त्व को बताया। वित्त अधिकारी आनंद दूबे ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में पत्र- पत्रिकाओं के योगदान को रेखांकित किया। कुलसचिव एस एल पाल ने पत्रकारिता दिवस के अवसर पर पत्रकारों का अभिवादन किया और उनके महत्त्व को रेखांकित किया। गणेश तिवारी ने कहा कि पत्रकारों को अपने मूल्यों के संरक्षित रखने के साथ पीत पत्रकारिता से बचकर रहने की आवश्यकता है।
राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ उत्तरप्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष मधुसूदन सिंह ने अपने सम्बोधन मे 200 साल के हिंदी पत्रकारिता के सफर को बताते हुए कहा कि आज हम सब गर्व कर रहे है कि हिंदी पत्रकारिता और अखबार पूरे विश्व मे सर्वाधिक पढ़े जाते है। पिछले दिनों मे जहां हिंदी पत्रकारों को दोयम दर्जे का समझा जाता था, वह दौर गुजर गया है, अब हिंदी पत्रकार को अव्वल दर्जा प्राप्त हो गया है। श्री सिंह भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ द्वारा अपने सदस्यों की बेटियों की शादी मे सहयोग के लिये नेवता योजना और दुर्घटना मे घायल होने पर इलाज योजना, व दुर्घटना मे मृत्यु होने पर आश्रितों को सहयोग, योजना को विस्तार से बतलाया। श्री सिंह ने आह्वान किया कि साथियों आप निर्भीक पत्रकारिता कीजिये, महासंघ आपके साथ हर समय खड़ा है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुनील ओझा ने, विषय प्रवर्तन विनय कुमार ने और धन्यवाद ज्ञापन अशोक कुमार सिंह ने किया।
भवन मे हुआ लिफ्ट का लोकार्पण
जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन मे हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर लिफ्ट का लोकार्पण कुलपति प्रो नरेंद्र कुमार शुक्ला द्वारा नारियल फोड़कर, व फीता काट कर किया गया। इस अवसर पर कुलसचिव एसएन पाल, वित्त अधिकारी श्री आनंद दूबे भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ उत्तरप्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष मधुसूदन सिंह, प्रांतीय संरक्षक अशोक सिंह, प्रो प्रमोद शंकर पांडेय, प्रो प्रियंका सिंह, डॉ विनय कुमार आदि लोग भी मौजूद रहे।
